Image source : social media
महिला एएसआई पर मामला दर्ज
मानसिक रोगी है गैंगरेप पीड़िता
एक नाबालिग समेत 3 लोगों ने किया था गैंगरेप
Bilkul Sateek News
जींद, 21 मार्च। जींद में एक महिला एएसआई पर गैंगरेप पीड़िता के परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला एएसआई पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला एएसआई पीड़िता के परिवार को केस वापस लेने की धमकी दे रही थी और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मानसिक रूप से अवस्थ पीड़िता के साथ नाबालिग समेत तीन लोगों ने गैंगरेप किया था। जिसमें 26 मई 2023 को गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया था और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। गैंगरेप पीड़िता परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
इस मामले को वापस लेने के लिए महिला एएसआई धमकी दे रही थी। जिसकी शिकायत पीड़िता की मां ने 6 मार्च को एसपी कार्यालय में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी 30 वर्षीय बेटी मानसिक रोगी है। उसके साथ ओमनगर कॉलोनी निवासी सुरजीत उर्फ सुजीत और श्याम नगर कॉलोनी निवासी बिनेश और एक नाबालिग लड़के ने गैंगरेप किया था।
शिकायत में आगे बताया गया था कि उसकी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण अपने साथ हुए गैंगरेप के बारे में बता नहीं पाई, लेकिन जब वह गर्भवती हुई, तब काउंसलिंग के जरिए इस घिनौने कृत्य का खुलासा हुआ। इस पर 26 मई 2023 को गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था।
पीड़िता की मां के अनुसार 5 मार्च को उसके पास एक फोन कॉल आया था, जिसमें कॉल करने वाली महिला ने खुद को महिला थाना की मैडम बताते हुए मामला वापस लेने का दबाव बनाया। मामला वापस लेने से इनकार करने पर महिला एएसआई ने धमकी दी कि यदि केस वापस नहीं लिया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
धमकी मिलने के बाद पीड़िता का परिवार दोबारा एसपी कार्यालय पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज करवाई। एसपी राजेश कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचाना डीएसपी संजय कुमार को जांच सौंपी।
जांच में सामने आया कि मामले की विवेचना एएसआई रीना कर रही थी, लेकिन धमकी भरा फोन एएसआई सुनीता ने किया था। वह इस केस की जांच अधिकारी नहीं थी, बावजूद इसके उसने पीड़िता के परिवार को धमकाया और समझौते के लिए दबाव डाला।
इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एएसआई सुनीता ने उन्हें रानी के तालाब के पास बुलाया, जहां एक काले रंग की गाड़ी में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। वहां भी उन्हें केस वापस लेने की धमकी दी गई।
डीएसपी संजय कुमार की सिफारिश पर शहर थाना पुलिस ने एएसआई सुनीता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसआई सुनीता के खिलाफ समझौते के लिए दबाव डालने और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।



