
file photo source: social media
Bilkul Sateek News रोहतक, 18 दिसंबर। हरियाणा के रोहतक की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश में छापेमारी करके भ्रूण लिंग जांच करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। रोहतक से गई पीएनडीटी कमेटी की टीम ने बागपत में देर शाम छापेमारी की। इस दौरान अवैध तौर पर लिंग जांच करते हुए दो महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन और मेडिकल उपकरणों को भी जब्त किया गया। मालूम हो कि रोहतक जिले में अवैध लिंग जांच करवाने वाले कई अंतर्राज्यीय गिरोह सक्रिय हैं। जिनकी समय-समय पर गिरफ्तारी भी होती रहती है। पिछले महीने ही उत्तर प्रदेश के शामली में रोहतक की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की थी। जिसमें अवैध लिंग जांच को लेकर एक डॉक्टर व दो दलालों की गिरफ्तारी की थी। जिले में अक्टूबर के अंत तक 1000 बालकों के मुकाबले 880 बालिकाओं का जन्म दर्ज किया गया था। जिले के 60 गांवों में एसआरबी रिकॉर्ड 800 से भी कम था।
