Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम | 09 मार्च 2026
गुरुग्राम में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 30 वर्षीय महिला के साथ मारपीट और कथित तौर पर एसिड फेंकने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से एसिड हमले के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 8 मार्च की रात थाना सेक्टर-10A गुरुग्राम को सिविल अस्पताल सेक्टर-10 से सूचना मिली कि एक महिला इलाज के लिए अस्पताल पहुंची है, जिस पर किसी व्यक्ति ने एसिड से हमला कर उसे घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और महिला का मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) प्राप्त किया।
डॉक्टरों द्वारा बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि वह करीब चार साल पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आई थी और सेक्टर-72 में पवन नाम के व्यक्ति के साथ एक फ्लैट में रह रही थी।
महिला के मुताबिक, 8 मार्च को पवन ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद जब वह सिविल अस्पताल सेक्टर-10 में इलाज करवा रही थी, तभी पवन ने उस पर एसिड फेंक दिया, जिससे उसके कपड़े जल गए।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
एसिड अटैक से संबंधित मामला थाना सेक्टर-10A में दर्ज किया गया है।
मारपीट का मामला थाना बादशाहपुर में संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, महिला को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। इधर अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 मार्च को मारपीट करने के आरोपी पवन निवासी जैनाबाद, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से एसिड हमले के मामले में भी गहन पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने मामले में एक अन्य व्यक्ति और एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




