Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के नजफगढ़ के मित्राऊं गांव के सीएनजी पंप पर ट्रक में सीएनजी भरते समय ब्लास्ट हो गया। हादसे में सीएनजी पंप कर्मियों समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मित्राऊं गांव के सीएनजी पंप पर एक ट्रक में सीएनजी सिलेंडर भरते समय अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना भयानक था कि आसपास खड़े लोग दूर जाकर गिरे। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई है। बाकी तीन घायलों का इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी, ओवरफिलिंग या सुरक्षा नियमों की अनदेखी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।प्रशासन ने सीएनजी पंप के संचालक से पूछताछ शुरू कर दी है।
पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी नजफगढ़ के मित्राऊं गांव के इसी सीएनजी पंप पर ऐसा ही हादसा हो चुका है। उस समय भी ट्रक के सिलेंडर में गैस भरते समय ब्लास्ट हुआ था।
घायलों में तीन पंप कर्मी
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया कि कुल चार लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन पेट्रोल पंप कर्मी है और चौथे की पहचान नहीं हुई है। घायलों के नाम दीपक, विकास व नीरज के रूप में हुई है। एफएसएल और क्राइम टीम मौके की जांच कर रही है। पंप को सील कर दिया गया है। आईजीएल के टेक्नीशियन और अधिकारी भी मौजूद हैं।




