Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
हनुमान जयंती पर बृहस्पतिवार को सेक्टर-32 के एपी ग्रुप परिसर के अंजनी पुत्र हनुमान मंदिर में हवन यज्ञ किया गया। इस यज्ञ में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सद्बुद्धि तथा विश्व शांति के लिए आहुतियां दी गईं।

पंडित मनीष ने यज्ञ के दौरान बताया कि वर्तमान समय में पूरा विश्व अशांति की चपेट में है। विभिन्न देशों में चल रहे संघर्ष, युद्ध और तनावपूर्ण स्थितियां मानवता के लिए बड़ी चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की कृपा से सभी को बल, साहस और विवेक प्राप्त हो। पंडित मनीष ने कहा कि इस हवन के माध्यम से हम युद्ध से जुड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत विश्व के सभी नेताओं को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं, ताकि उनके हर निर्णय शांति और मानव कल्याण के पक्ष में हों। उन्होंने कहा कि हनुमान जयंती का पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्व कल्याण की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है।
वरिष्ठ ज्योतिषी एवं वास्तुकार आदित्य पारीक ने कहा कि भारतीय संस्कृति ने सदैव शांति, अहिंसा और विश्व कल्याण का संदेश दिया है। आज जब विश्व कई चुनौतियों से जूझ रहा है, तब हमारी प्राचीन परंपराएं हमें सही मार्ग दिखाती हैं। इस हवन यज्ञ के जरिए हम न केवल हनुमान जी की आराधना कर रहे हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी कर रहे हैं।




