Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 02 अप्रैल 2026: गुरुग्राम पुलिस ने सदर बाजार क्षेत्र में महिला को बातों में उलझाकर उसकी सोने की चेन और लॉकेट चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को एक महिला ने थाना शहर, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह 18 जनवरी को सदर बाजार में खरीदारी करने आई थी, जहां दो युवक और एक महिला ने उसे बातों में उलझाकर उसकी सोने की चेन और लॉकेट उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए।

मामले में कार्रवाई करते हुए Crime Branch सेक्टर-17 की पुलिस टीम ने जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान हमेश उर्फ महुवा (निवासी पंचकुला) और दीपक तिवारी (निवासी दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हमेश उर्फ महुवा को 28 मार्च 2026 को कापसहेड़ा बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। वहीं, दूसरे आरोपी दीपक तिवारी को 1 अप्रैल 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाते हैं और बातों में उलझाकर उनकी ज्वेलरी चोरी कर लेते हैं। इस मामले में भी आरोपियों ने एक महिला साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने गुरुग्राम में इसी तरह की एक अन्य वारदात को भी अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट बरामद किया है।
आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि हमेश उर्फ महुवा के खिलाफ दिल्ली में धोखाधड़ी, चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत 23 मामले दर्ज हैं, जबकि दीपक तिवारी पर 5 मामले पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।




