Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति की ओर से ई-मेल भेजकर स्कूलों की बिल्डिंग में बम लगाए जाने की चेतावनी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित DAV पब्लिक स्कूल समेत कई स्कूलों में एहतियात के तौर पर कैंपस खाली करा लिया गया। स्कूल प्रशासन ने सभी बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया है। पुलिस की टीम स्कूल परिसर और क्लासरूम की बारीकी से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुबह स्कूल खुलने के समय करीब एक दर्जन स्कूलों को एक साथ धमकी भरा मेल भेजा गया। मेल में दावा किया गया है कि स्कूलों में बम लगाए गए हैं और तय समय पर धमाका हो सकता है। इसी के चलते पुलिस ने तुरंत सुरक्षा घेरा बढ़ाते हुए जांच शुरू कर दी।
धमकी भरे मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी नाम के संगठन ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। मेल में बच्चों को बचाने की चेतावनी देते हुए स्कूलों में 1 बजकर 11 मिनट और ट्रेनों में 3 बजकर 11 मिनट तक धमाका होने की बात कही गई है। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री को भी अप्रत्यक्ष रूप से संबोधित करते हुए खालिस्तान जनमत संग्रह का समर्थन करने की बात लिखी गई है।
फिलहाल साइबर सेल की टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। प्रशासन ने अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा को देखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




