Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 01 अप्रैल 2026:
गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़े इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सिम बॉक्स (GSM Gateway) के जरिए अवैध कॉल रूटिंग और साइबर ठगी जैसी गतिविधियों में शामिल था। पुलिस को साइबर क्राइम पश्चिम और दक्षिण थानों में कुल 5 शिकायतें मिली थीं, जिनमें मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों पर घरों में अवैध सिम बॉक्स चलाने का आरोप लगाया था। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने यू-ब्लॉक और चकरपुर इलाके में छापेमारी की। इस दौरान 13 सिम बॉक्स, 504 सिम कार्ड, वाई-फाई राउटर, बैटरियां, कैमरे और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह सिम बॉक्स के जरिए कॉल को इंटरनेट के माध्यम से डायवर्ट करता था, जिससे साइबर फ्रॉड और डिजिटल ठगी को अंजाम दिया जाता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस गिरोह का कनेक्शन फिलीपींस और कंबोडिया से जुड़ा हुआ है। अवैध उपकरण पहले फिलीपींस से नेपाल, फिर बिहार और उसके बाद भारत के अलग-अलग शहरों में भेजे जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के रहने वाले लोग शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह क्रिप्टो करेंसी (USDT) के जरिए पैसों का लेन-देन करता था।
इसके अलावा, आरोपियों पर लोगों को कंबोडिया भेजकर उनसे जबरन साइबर फ्रॉड करवाने के भी आरोप लगे हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है।




