Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
अपराध और अपराधियों पर सख्ती बरतते हुए दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला टीम ने ‘ऑपरेशन कवच 13.0’ के तहत दो दिन तक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 76 एफआईआर दर्ज की गईं, 93 जगह छापे मारे गए और 148 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 2434 लोगों को हिरासत में लिया गया।

डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पुलिस की 64 टीमें पूरे जिले में तैनात की गई थीं। अभियान के दौरान एनडीपीएस के 12 मामले दर्ज कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 7 किलो गांजा व अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए। वहीं साढ़े दस हजार लीटर से ज्यादा अवैध शराब बरामद की गई और 42 एफआईआर दर्ज कर 43 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 2 कारें और 2 स्कूटी बरामद की गई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के 13 मामलों में 14 लोगों की गिरफ्तारी की गई। उनके पास से पांच पिस्टल, चार कारतूस, 9 चाकू बरामद किए गए। वहीं जुआ खेलते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 3 ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर 6 चोरी की गाड़ियां बरांद की। इसके अलावा मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।




