फोटो सोर्स सोशल मीडिया
उपराज्यपाल के आदेश के बाद एसीबी टीम जांच में जुटी
आप के सांसद ने लगाया 15-15 करोड़ रुपये में खरीदने का आरोप
दिल्ली, 7 फरवरी। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा आपके सात विधायकों को 15-15 करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश कर रही है। पलटवार करते समय भाजपा के वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि संजय सिंह हों या कोई और आप के नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने जो घटिया आरोप लगाए हैं, उसका जवाब देना होगा। मतगणना से पहले सियासी पारा गर्म हो गया है। आप ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके उम्मीदवारों से संपर्क करने का दावा किया है।
आप का आरोप है कि उसके सात प्रत्याशियों को 15-15 करोड़ रुपये लेकर भाजपा में शामिल होने के लिए कहा गया है। इसके बाद भाजपा ने दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर शिकायत की। एलजी ने आप के इन आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। एसीबी इस मामले की जांच में जुट गई है। एलजी के आदेश के बाद एसीबी की टीम संजय सिंह और मुकेश अहलावत के घर जा पहुंची। उधर, केजरीवाल के घर भी एसीबी की टीम पहुंची है, लेकिन कुछ देर बाहर रुकने के बाद वापस लौट गई। आप सांसद संजय सिंह ने कल पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि इस बार भी भाजपा की सरकार नहीं बनेगी। ऐसे में आप को तोड़कर भाजपा सरकार बनाने का प्रयास कर रही है। आप के सात उम्मीदवारों से भाजपा संपर्क कर 15-15 करोड़ रुपये लेकर पार्टी में शामिल करना चाह रही है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को सचेत रहने की सलाह दी कि भाजपा से जितनी भी कॉल आएं, उनकी रिकॉर्डिंग कर लें। अगर कोई मुलाकात कर पैसे का ऑफर देता है, तो हिडन कैमरे से वीडियो बना लें। बता दें कि कुछ ऐसा ही दावा आप ने 2013 में किया था। उस समय पार्टी ने दिल्लीभर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर दावा किया था कि आप के उम्मीदवारों को 20-20 करोड़ रुपये देकर भाजपा में शामिल होने के लिए कहा जा रहा है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 49 दिनों की सरकार चलाने के बाद इस्तीफा दे दिया था।




