Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने नजफगढ़ में हुए डबल मर्डर केस और उसके गवाह की हत्या के मामले में वांछित 2 आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। मुठभेड़ में दोनों आरोपी और दिल्ली पुलिस का एक उप निरीक्षक घायल हो गया है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में अरोपियों द्वारा 6 और पुलिस टीमों द्वारा 7 राउंड सहित कुल 13 राउंड फायर किए। आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 4 कारतूस, 1 चोरी की बाइक तथा घटनास्थल से 13 खाली खोल बरामद किए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 4 बजे अपराध शाखा सेक्टर-40 प्रभारी ललित कुमार की टीम ने सूत्रों से प्राप्त सूचना पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुए दिल्ली में हत्या करने की वारदातों में वांछित 2 बदमाशों मोहित जाखड़ (उम्र-29 वर्ष) निवासी गोला डेयरी दिल्ली और जतिन (उम्र-21 वर्ष) निवासी उत्तम-नगर दिल्ली को धनकोट गुरुग्राम में पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी नजफगढ़ (दिल्ली) में हुए दोहरे हत्याकांड व उसके चश्मदीद गवाह की हत्या करने में वांछित थे।
बदमाशों के साथ धनकोट नहर से कुछ दूरी पर हुई इस पुलिस मुठभेड़ में कुल 13 राउंड फायर हुए, जिनमें से 6 राउंड आरोपियों द्वारा तथा 7 राउंड पुलिस टीम द्वारा किए गए। इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में 1-1 गोली तथा दिल्ली पुलिस के उप-निरीक्षक विकास के हाथ में 1 गोली लगी। दोनों बदमाशों व उप-निरीक्षक विकास को इलाज के लिए सरकारी हॉस्पिटल सेक्टर-10 में दाखिल कराया गया है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 4 कारतूस, 1 चोरी की बाइक तथा घटनास्थल से 13 खाली खोल कारतूस बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ के संबंध में पुलिस थाना राजेंद्रा पार्क गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है तथा आरोपियों को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के उपरांत गिरफ्तार करके उनसे गहनता से पूछताछ करते हुए मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




