Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 फरवरी। फरीदाबाद में रेलवे ट्रैक पर मिली एक अज्ञात लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह मामला किसी ट्रेन हादसे का नहीं, बल्कि पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा रची गई सुनियोजित हत्या का निकला। 1 दिसंबर 2025 को मेवला महाराजपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक 36 वर्षीय युवक की लाश मिली थी। जिसकी पहचान न होने के कारण शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया था।
18 जनवरी को सूरजकुंड थाना क्षेत्र में मृतक के भाई सनी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका भाई सुमन 30 नवंबर से लापता है। पुलिस ने जांच के दौरान पोस्टमार्टम हाउस में रखे शव के कपड़ों और हुलिए के आधार पर पहचान करवाई, जिससे शव के सुमन के होनी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सुमन की पत्नी अंजनी और उसका प्रेमी रिआउल एक ही कंपनी में काम करते थे और उनके बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। सुमन को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। साजिश के तहत सुमन को रेलवे ट्रैक के पास बुलाया गया, उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, जहां से गुजरती ट्रेन से लाश क्षत-विक्षत हो गई। एसीपी क्राइम वरुण कुमार दहिया ने बताया कि दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।



