Bilkul Sateek News
फरीदाबाद, 1 अक्टूबर। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच पुलिस शातिर अपराधी कमल भड़ाना और शशिकांत को निशानदेही के लिए वारदात स्थलों पर लेकर गई। दोनों आरोपी एक ही गिरोह के लिए काम करते हैं। फरीदाबाद पुलिस ने 27 सितंबर अलसुबह दो अलग-अलग जगहों पर हुई मुठभेड़ के बाद कमल भड़ाना और शशिकांत को पकड़ा था। इस मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोली लगी थी। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए थे। पुलिस ने इनके एक-एक साथी को भी मुठभेड़ स्थल से गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान क्राइम ब्रांच के सब इंसपेक्टर विजय कुमार को भी गोली लगी थी। गनीमत रही कि बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण गोली उसी में अटक गई थी। जिसके कारण वह पूरी तरह से सुरक्षित बच गए थे। कमल भड़ाना ने इस साल 27 अप्रैल को फरीदाबाद के ही एक कपड़ा व्यापारी के घर के बाहर गोली चलाकर 2 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी।



