Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 6 सितंबर। फरीदाबाद पहुंचने पर अभय सिंह चौटाला का कार्यकर्ताओं ने पगड़ी और माला पहनाकर स्वागत किया। अभय सिंह चौटाला ने पृथला विधानसभा के सीकरी फार्म हाउस में कार्यक्रम को संबोधित किया। जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चौधरी देवीलाल की जयंती में आने का न्योता दिया। इस दौरान अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अभय चौटाला ने कहा कि हुड्डा बापू-बेटे ने कांग्रेस के साथ धोखा कर भाजपा से सेटिंग कर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवा दी है। बापू-बेटे ने कांग्रेस का चोला पहनकर प्रदेश के लोगों के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है, जिन्हें प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश को पिछले 11 वर्षों में लूटकर खोखला कर दिया है। ये पूंजीपतियों की पार्टी है जो गिने चुने पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाती है। भाजपा व उनके नेताओं को आमजन की कोई परवाह नहीं है। प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर नाम की कोई चीज ही नहीं है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री को किसी ने गाली दी है तो प्रधानमंत्री को इस तरह से नाटक नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पंजाब के बाढ़ प्रभावित 350 गांव गोद लिए हैं, जिसमें वह राहत सामग्री पहुंचाने का काम कर रहे हैं। पंजाब हमारा बड़ा भाई है, यह काम हम राजनीति से ऊपर उठकर कर रहे हैं। सिरसा जिले के हर एक गांव में पंजाब के बाढ़ प्रभावित गांवों को गोद दिला रखा है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने आज अपने पोस्ट से चौधरी देवीलाल का फोटो हटा दिया है और चौधरी ओम प्रकाश चौटाला का फोटो लगाकर लोगों के बीच जा रहे हैं। आने वाले समय में जेजेपी अपने चाचा का फोटो लगाकर लोगों के बीच जाएगी।




