Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 19 जनवरी। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा प्रदेश ने आज राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर हाईकोर्ट के 23 व 31 दिसंबर के फैसले के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। संघ ने फरीदाबाद के सेक्टर 12 लघु सचिवालय में भी प्रदर्शन करते हुए डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
यह प्रदर्शन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री के नेतृत्व में किया गया। वहीं, इस प्रदर्शन में सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर पुरजोर तरीके से अपनी आवाज उठाई।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने प्रदेश के सभी जिलों पर प्रदर्शन किया है। इस दौरान संघ ने मांग की है कि कच्चे कर्मचारियों को लेकर हाईकोर्ट ने जो फैसला दिया है उसे तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए और कर्मचारियों की जो अन्य मांगे हैं उनका भी बातचीत के माध्यम से समाधान करें। इसके अलावा 12 फरवरी को की जाने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर पूरे प्रदेश में नोटिस डे मनाया गया है। मुख्यमंत्री के नाम तमाम जिलों से कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपे हैं।
वहीं, इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के पूर्व प्रधान सुभाष लांबा ने भी कहा कि आने वाली 12 फरवरी को राष्ट्रीयव्यापी हड़ताल के दौरान देश के 50 लाख कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अपनी मांगे मनवाने के लिए कर्मचारी किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेंगे इसलिए सरकार को चाहिए कि वह कर्मचारियों की मांगों को टेबल पर बैठकर सेटल करें।



