
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 21 अप्रैल। जिला बल्लभगढ़ भाजपा ने प्याली चौक एनआईटी स्थित एक निजी होटल में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान सभा का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर समेत सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डाला और देश के लिए उनके योगदान को लेकर उन्हें नमन किया।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान का अगर सम्मान किया है तो वह सिर्फ भाजपा और एनडीए की सरकार ने किया है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है, कांग्रेस ने हमेशा संविधान का मजाक उड़ाया है और संविधान के खिलाफ कार्य करने का काम किया है।
कार्यक्रम में बल्लभगढ़ से विधायक पं. मूलचंद शर्मा, एनआईटी से विधायक सतीश फागना, जिला अध्यक्ष बल्लभगढ़ सोहनपाल छोकर, बल्लभगढ़ के प्रभारी कमल यादव और जिला परिषद के चेयरमैन विजय लोहिया भी मौजूद थे।