Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 30 जनवरी। फरीदाबाद के सेक्टर 58 थानाक्षेत्र के सीकरी मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने दो साल के सौतेले बेटे को पटक पटक कर मार डाला। बच्चे की मौत के बारे में जब पत्नी ने पूछा तो उससे कहा कि सीढ़ियों से खेलते वक्त गिर गया था। शक होने पर महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की तो आरोपी ने पूरी घटना कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस के गांव सिशता निवासी 36 वर्षीय रनबीर सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सीकरी मोहल्ला रोड बल्लभगढ़ में किराए पर रहता है और रेहड़ी लगाता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाथरस निवासी रनवीर सिंह यहां करीब पांच सात साल से रहता है और बल्लभगढ़ में रेहड़ी लगाता है। रनवीर के पास में रहने वाली एक महिला का पति करीब एक साल पहले उसे छोड़कर चला गया था। महिला के उससे तीन बच्चे हैं। सबसे छोटा बच्चा करीब पांच महीने का है। पहले पति के छोड़कर जाने के बाद आरोपी के घरवालों ने उसकी शादी महिला से करवा दी। करीब दो महीने पहले नवंबर में ही शादी हुई थी।
बताया जाता है कि आरोपी रनवीर सिंह महिला से बच्चों को लेकर विवाद करता था। वह बच्चों को साथ रखने को राजी नहीं था। 25 जनवरी को वह दो साल के बेटे को खेलने के बहाने कमरे से दूर ले गया और सुनसान स्थान पर उसे पटक पटक कर मार डाला। इसके बाद बच्चे को लेकर कमरे पर पहुंच गया। महिला ने बच्चे के बारे में पूछा तो कहा कि खेलते समय सीढ़ियों से गिर गया था। शक होने पर महिला ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने सौतेले बेटे की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी सेक्टर 58 विनेाद कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी रनबीर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि जिस महिला से आरोपी ने शादी की है उसके पहले वाले पति से तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बच्चा चार साल का, दूसरा मरने वाला दो साल और तीसरा पांच महीने का है। आरोपी बच्चों से नफरत करता था, उसने बच्चों को रास्ते हटाने की साजिश रची और 25 जनवरी की शाम 2 वर्षीय सौतेले बेटे को घर से बाहर ले गया और किराए के कमरे से कुछ दूरी पर ले जाकर नीचे पटक पटक कर हत्या कर दी। आरोपी को पूछताछ के लिए 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया है।



