Bilkul Sateek News
नूंह: नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लोगों को जागरूक कर रहा है। इसके तहत प्रतिदिन एक संकल्प के साथ ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम और पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल के जरिए इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा एक गांव से दूसरे गांव, एक शहर से दूसरे शहर और एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय तक यह अभियान लेकर पहुंच रहे हैं। आज वे राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे। विद्यालय के प्राचार्य विजय प्रतीक धनखड़ की अध्यक्षता में 783 छात्र-छात्राओं, 35 शिक्षकों ने भाग लिया।
उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपके विद्यालय के दो दो छात्र खेलों में पदक लाकर विद्यालय का नाम ऊँचा कर रहे हैं। यह गौरव की बात है। उन्होंने छात्रा सरस्वती और छात्र जीवन से भेंट की और उनके सुखद जीवन की कामना के साथ भविष्य में और अधिक उत्साह के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों को कहा कि आपको अपने विद्यालय के इन प्रतिभाशाली छात्रों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा मनुष्य के विकास में नशा सबसे बड़ा बाधक है। उन्होंने कहा कि अंगेजी में एक वाक्य आता है- इग्नोरेंस ऑफ़ लॉ इज़ नॉट एन एक्सक्यूज़ अर्थात विधि का ज्ञान न होने का बहाना नहीं चलेगा।
उन्होंने आगे कहा- सबसे प्रथम कर्तव्य है शिक्षा बढ़ाना देश में, शिक्षा बिना ही आज हम सब पड़ रहे हैं क्लेश में। शिक्षा बिना कभी कोई बन सकता नहीं सत्पात्र है, शिक्षा बिना कल्याण की आशा दुराशा मात्र है। यही कारण है कि विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ नशे के दुष्प्रभाव और नशे के विरुद्ध बने विधि के बारे बताया जा रहा है।
डॉ. वर्मा ने विस्तारपूर्वक नशे के आगमन, निर्माण, उत्पादन, राष्ट्र पर प्रभाव बारे विस्तार से बताया। उन्होंने 9050891508 पर प्रतिबंधित नशों के व्यापार की गुप्त सूचनाएं देने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा यह पुरे प्रान्त के लिए है। कार्यक्रम के अंत में शपथ ग्रहण करवाई।