
केंद्रीय मंत्री जगत प्रसाद नड्डा ने किया विशाल राष्ट्रीय रक्तदान अभियान का शुभारंभ
ब्रह्माकुमारीज संस्थान के समाज सेवा प्रभाग के अंतर्गत् हुई अभियान की शुरुआत
संस्थान की पूर्व प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणी की 18वीं पुण्य स्मृति के उपलक्ष में हुआ कार्यक्रम
एक लाख यूनिट रक्तदान करने का है लक्ष्य
ओम शांति रिट्रीट सेंटर में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 17 अगस्त। ब्रह्माकुमारीज संस्था मानवता के लिए महान कार्य कर रही है। रक्तदान मानवता का सबसे बड़ा महान कार्य है। उक्त विचार केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने व्यक्त किए। ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में समाज सेवा प्रभाग द्वारा विशाल राष्ट्रीय रक्तदान अभियान का शुभारंभ करते समय बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने ये बात कही। दादी प्रकाशमणी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्था ने आंतरिक परिवर्तन के कार्य को एक वटवृक्ष के समान विशाल रूप दिया है। मंत्री ने कहा कि दादी प्रकाशमणी की पुण्य स्मृति में आयोजित ये कार्यक्रम दादीजी की समाज सेवा एवं प्रखर नेतृत्व की याद दिलाता है। संस्थान द्वारा विश्वभर में व्यक्तिगत रूप से हो रहे आंतरिक परिवर्तन से ही सामाजिक परिवर्तन संभव है। सामाजिक परिवर्तन ही विश्व परिवर्तन कराता है। ब्रह्माकुमारीज संस्था मूल्य परक शिक्षा पर विशेष जोर देती है। मूल्य आधारित शिक्षा ही मानव मन को सुख और शांति से भर सकती है। मन की शांति ही चित को शांत करती है। जिससे ही सामाजिक सामंजस्य पैदा होता है।
ब्रह्माकुमारीज संस्थान की संयुक्त प्रशासिका राजयोगिनी संतोष दीदी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। बुझती ज्योति को प्रज्वलित करना ही परम पुण्य है। उन्होंने कहा कि ये अभियान दादी प्रकाशमणी की 18वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि दादी प्रकाशमणी का जीवन हमारे लिए आदर्श है। उनका प्रत्येक पल मानव सेवा में बीता।
ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी आशा दीदी ने कहा कि रक्तदान के लिए शुद्ध रक्त होना भी जरूरी है। जिसके लिए व्यसनों और बुराइयों से मुक्ति आवश्यक है।
कार्यक्रम में अभियान के लिए एक गीत का भी शुभारंभ हुआ। जिसको बीके चांद ने स्वर प्रदान किए।
कार्यक्रम में ग्लोबल हॉस्पिटल, माउंट आबू के निदेशक डॉ. प्रताप मिड्ढा ने भी अपने विचार रखे। प्रेरक वक्ता बीके इवी गिरीश ने अभियान के उद्देश्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य एक लाख यूनिट रक्तदान का है। बीके वीरेंद्र ने सभी को रक्तदान करने के लिए प्रतिज्ञा कराई।
कार्यक्रम का संचालन बीके सरिता एवं बीके विद्यार्थी ने किया। कार्यक्रम में 2000 लोग मौजूद रहे।