file photo Source : Facebook@RaoNarbirSingh
राव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का सशक्त ब्लूप्रिंट है केंद्र सरकार 3.0 का दूसरा पूर्ण बजट
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 1 फरवरी। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने केंद्र सरकार 3.0 के दूसरे पूर्ण बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की आकांक्षाओं को साकार करने वाला और देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट युवा शक्ति से प्रेरित है तथा गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति सरकार के संकल्प को मजबूती से रेखांकित करता है। कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला बजट तीन कर्तव्यों- आर्थिक वृद्धि को तेज व स्थायी बनाना, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति हेतु क्षमता निर्माण और ‘सबका साथ-सबका विकास’ – से प्रेरित है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बजट का पहला कर्तव्य आर्थिक वृद्धि को गति देना और उसे बनाए रखना है। इसके तहत छह प्रमुख क्षेत्रों में हस्तक्षेप कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें सात रणनीतिक एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में विनिर्माण का विस्तार, विरासत औद्योगिक क्षेत्रों का पुनर्निर्माण, चैंपियन एमएसएमई का निर्माण, अवसंरचना पर सशक्त बल, दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा एवं स्थिरता सुनिश्चित करना तथा नगर आर्थिक क्षेत्रों का विकास शामिल है। ये सभी कदम निवेश, उत्पादन और रोजगार सृजन को नई दिशा देंगे।
उन्होंने कहा कि बजट का दूसरा कर्तव्य जन-आकांक्षाओं की पूर्ति और क्षमता निर्माण से जुड़ा है। सरकार के सतत् और सुधारोन्मुख प्रयासों के परिणामस्वरूप 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, जो समावेशी विकास की ठोस उपलब्धि है। शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य और अवसरों के विस्तार के माध्यम से मानव पूंजी को सशक्त करने का यह बजट एक स्पष्ट और दूरगामी रोडमैप प्रस्तुत करता है, जिससे किसान, गरीब, मध्यम वर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे सभी लाभान्वित होंगे।
राव ने कहा कि बजट का तीसरा कर्तव्य ‘सबका साथ-सबका विकास’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जो किसानों की आय बढ़ाने, दिव्यांगजन को सशक्त बनाने, मानसिक स्वास्थ्य एवं ट्रॉमा केयर तक कमजोर वर्गों की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है। इसके साथ ही, एमएसएमई को भविष्य के चैंपियन के रूप में विकसित करने हेतु 10,000 करोड़ रुपये की एसएमई विकास निधि का प्रस्ताव रोजगार सृजन और उद्यमिता को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का सशक्त ब्लूप्रिंट है, जो आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव को और मजबूत करेगा।



