
file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 7 सितंबर। गुरुग्राम में आज सुबह दिल्ली की 26 वर्षीय एक महिला की सड़ी-गली लाश मिली है। महिला अपने पुरुष मित्र का जन्मदिन मनाने आठ दिन पहले गुरुग्राम आई थी। उसके बाद से ही वह लापता था। इस बीच, महिला के पति ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह किसी राहगीर ने मेदांता अस्पताल के पास झाड़ियों में एक लाश को देखा, तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां पर एक महिला की लाश को सड़ी-गली हालत में पाया। पुलिस ने महिला की जांच की तो उसको एक ाईडी मिली, जिसपर दिल्ली के गोविंदपुरी का पता था। जिसके बाद दिल्ली पुलिस की मदद से मृतका नेहा खातून के पति मनीष को सूचना दी गई। पुलिस से सूचना मिलने के बाद मनीष तुरंत गुरुग्राम पहुंचा और उसने लाश की पहचान की।
मनीष ने बताया कि 8 दिन पहले उसकी आखिरी बार नेहा से बात हुई थी। उसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो रहा था। उसने आरोप लगाया कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। मनीष ने पुलिस को बताया कि नेहा 29 अगस्त को अपने किसी पुरुष मित्र की जन्मदिन पार्टी के लिए गुरुग्राम आई थी। इसके बाद 30 अगस्त की सुबह उसकी नेहा से बात हुई। इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। मोबाइल पर भी उससे संपर्क नहीं हो रहा था। इसके बाद से वह नेहा की तलाश कर रहा था। उसने बताया कि नेहा के गायब होने के बाद वह कई दिन तक होटल के भी चक्कर लगाता रहा, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। उसने पुलिस से इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।
पति के बयान के बाद पुलिस उस होटल में पहुंची, जहां नेहा अपने पुरुष मित्र का जन्मदिन मनाने आई थी। होटल की सीसीटीवी फुटेज चेक की गई तो उसमें 29 अगस्त की शाम नेहा होटल के अंदर जाते हुए दिखी। इसके बाद 30 अगस्त को तड़के 4 बजे वह होटल से बाहर आते हुए नजर आई।
इस बीच, सदर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि हमने लाश की जांच की। उस पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे। ऐसे में उसकी हत्या की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि वह शराब पीने की आदी थी। आशंका है कि होटल में वह अपने फ्रेंड से मिलने के बाद नशे की हालत में बाहर आई होगी और खाली प्लाट में गिर गई होगी। उन्होंने बताया कि 29-30 अगस्त को तेज बारिश हो रही थी। ऐसे में संभावना है कि खाली प्लॉट में गिरने के बाद उसे किसी ने नहीं देखा, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई। वहां झाड़ियां भी थी, अब जब बारिश बंद होने के बाद कोई राहगीर वहां गया तो लाश के बारे में पता चला।