file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 सितंबर। गुरुग्राम में देररात एक 21 वर्षीय युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राहुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के समसपुर गांव का निवासी था। राहुल नाथूपुर गांव में तेजपाल के मकान में किराए पर रह रहा था। पुलिस को रात करीब तीन बजे राहुल की हत्या की सूचना मिली, जिसके बाद डीएलएफ फेस तीन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार राहुल के गले पर तेजधार हथियार से गहरा घाव मिला है और आसपास खून बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।
डीएलएफ फेस तीन थाने के एसएचओ संदीप ने बताया कि एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री) की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपियों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। राहुल के आसपास के किराए के कमरों में उसके मामा के लड़के और कुछ परिचित भी रहते थे। पुलिस ने इन लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि हत्या के पीछे की वजह और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। राहुल के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के गांव से गुरुग्राम पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।




