
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 19 अगस्त। कांग्रेस ने आज नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) के सेक्टर-34 स्थित कार्यालय पर हल्ला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में साइबर सिटी कूड़ाग्राम में तब्दील हो गई है। आमजन की कोई सुनवाई नहीं है। स्थितियां दिन प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। कांग्रेस के हल्ला बोल प्रदर्शन में फिल्म अभिनेता और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे राज बब्बर भी प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। कांग्रेस का प्रदर्शन गुरुग्राम में लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था और जलभराव समेत कई मुद्दों को लेकर था।
यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष शहरी पंकज डावर और ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव के नेतृत्व में किया जा रहा है। शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि भाजपा के पास गुरुग्राम में तथाकथित ट्रिपल इंजन की सरकार है। नगर निगम, राज्य सरकार और केंद्र सरकार, लेकिन इसके बावजूद शहर की हालत बद से बदतर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शहर की हर गली और मोहल्ले में कूड़े के ढेर लगे हैं। जनता बेहाल है और जिम्मेदार मंत्री, विधायक और मेयर चैन की नींद सो रहे हैं। जब मीडिया सवाल पूछता है तो मेयर के पास कोई जवाब नहीं होता। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने गुरुग्राम को विकास की राह पर ले जाने के बजाय “कूड़ाग्राम” बना दिया है। टैक्स वसूलने और छोटे रेहड़ी-खोखा वालों पर कार्रवाई करने में निगम और प्रशासन सक्रिय दिखता है, लेकिन बड़े कब्जाधारियों और प्रभावशाली लोगों पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं होती।
वहीं, ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि मजदूरी करके पेट पालने वालों की रेहड़ियों और खोखों पर जेसीबी चलाकर उनकी रोजी-रोटी छिनी जा रही है, जबकि बड़े-बड़े अवैध कब्जों पर सरकार और प्रशासन खामोश है। यह दोहरा रवैया जनता के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने कहा कि अब गुरुग्राम की जनता की परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कांग्रेस के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह जनता की आवाज बने और सरकार की नाकामियों को उजागर करे।