file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज गुरुग्राम दौरे पर रहेंगे। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री आज शहर में आधुनिक यातायात व्यवस्था को विस्तार देते हुए विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
डीसी अजय कुमार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्धारित शेड्यूल की जानकारी देते हुए बताया कि आज गुरुग्राम में ऐतिहासिक दिन होने जा रहा है। सबसे पहले सुबह 9 बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी की अध्यक्षता में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक सेक्टर 43 स्थित पावरग्रिड के ऑडिटोरियम में आयोजित होगी। इस बैठक में जिले से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को सुना जाएगा और मौके पर ही उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए जाएंगे।
मेट्रो विस्तार परियोजना का भूमि पूजन करेंगे खट्टर और सैनी
डीसी अजय कुमार ने बताया कि जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री सैनी खट्टर के साथ गुरुग्राम में प्रस्तावित मेट्रो विस्तार परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। यह कार्यक्रम गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) कार्यालय सेक्टर-44 के सामने स्थित पार्किंग क्षेत्र में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर तथा पटौदी विधायक बिमला चौधरी भी उपस्थिति रहेगी।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय में होगी जनसभा
डीसी ने बताया कि भूमि पूजन के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। यहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे और मेट्रो विस्तार परियोजना से होने वाले लाभों की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल यातायात सुविधा का विस्तार नहीं बल्कि गुरुग्राम की आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक प्रगति को भी नई गति देगी। दिल्ली-गुरुग्राम का कनेक्टिविटी नेटवर्क और मजबूत होगा तथा लाखों यात्रियों को प्रतिदिन तेज़ और सुगम सफर की सुविधा उपलब्ध होगी।




