Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 12 सितंबर। गुरुग्राम में आज SSC का सर्वर डाउन होने की वजह से पेपर रीशेड्यूल होने पर गुस्साए अभ्यर्थियों ने जमकर बवाल किया। परीक्षार्थियों ने एक सेंटर का गेट तक तोड़ दिया।
गुरुग्राम में आज सेंटरों में स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड का कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल टेस्ट का पेपर होना था। परंतु सर्वर डाउन होने पर पेपर को रीशेड्यूल कर दिया गया। जिससे पेपर देने आए अभ्यर्थियों में गुस्सा फूट पड़ा। जिसके बाद उन्होंने माडूमल स्कूल के बाहर जमकर बवाल काटा। यहां पहली शिफ्ट से पहले ही SSC का सर्वर डाउन हो गया। जिसके कारण अभ्यर्थियों की परीक्षा ही नहीं ली गई। यहां तक कि उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया। इस पर इन अभ्यर्थियों ने बवाल करना शुरू कर दिया। काफी प्रयासों के बाद बताया गया कि SSC के सर्वर में दिक्कत आ रही है। ऐसे में गुरुग्राम के चारों सेंटर में परीक्षा रद्द कर दी गई। इन्हें रीशेड्यूल कर नई तारीख जारी कर दी गई है।
वहीं, अभ्यर्थियों का कहना है कि एक सप्ताह पहले से ही सर्वर को दुरुस्त किए जाने का दावा किया जा रहा था, लेकिन अब एग्जाम के समय पर ही दोबारा सर्वर में दिक्कत होने की बात कही जा रही है। हालात यह तक हैं कि दो दिन में कई अभ्यर्थियों के कई बार एग्जाम सेंटर तक बदल दिए गए।
उन्होंने कहा कि वे सरकारी नौकरी के लिए वर्षों से एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं।
सेंटर परीक्षा को रीशेड्यूल किए जाने का नोटिस देखकर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सेंटर के बाहर जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने स्कूल का गेट तक तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे अभ्यर्थियों को समझाया और मामले को शांत कराया। वहीं, अभ्यर्थियों का कहना है कि वह सैकड़ों किलोमीटर दूर से आए हैं और उन्हें अब बिना एग्जाम दिए परेशान होकर वापस लौटना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि SSC उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
उधर, सेंटर संचालक का कहना कि SSC के सर्वर में तकनीकी खराबी आने के कारण एग्जाम को रद्द किया गया है। हालांकि पहली शिफ्ट के बाद सर्वर चालू हो गया, लेकिन पहली शिफ्ट के अभ्यर्थियों ने हंगामा करते हुए दूसरी शिफ्ट के अभ्यर्थियों को भी प्रवेश नहीं करने दिया। कुछ अभ्यर्थियों ने हंगामा करते हुए सेंटर का गेट भी तोड़ दिया। ऐसे में अभ्यर्थियों को शांत कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को भी बुलाना पड़ा।




