कार्यक्रम को पटौदी की विधायक बिमला चौधरी तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने किया संबोधित
श्रम विभाग द्वारा सेवा पखवाड़े में श्रमिकों को अधिकारों और योजनाओं की दी गई जानकारी
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 17 सितंबर। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत् श्रम विभाग गुरुग्राम ने बुधवार को विश्वकर्मा दिवस पर जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर श्रमिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में श्रमिकों को उनके अधिकारों, श्रमिक कल्याण योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ लेने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे जिन्हें लड्डू वितरित किए गए।
पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक समाज की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों की मेहनत से ही प्रदेश और देश की प्रगति संभव है। विधायक ने कहा कि श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ पाने के लिए श्रमिकों को आगे आना चाहिए और जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि श्रमिकों को योजनाओं की पूरी जानकारी समय-समय पर दी जाए ताकि कोई भी श्रमिक इससे वंचित न रहे।
गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए सेवा पखवाड़े का मकसद समाज के हर वर्ग को जोड़ना है और श्रमिकों के अधिकारों को मजबूत करना भी इसी दिशा का कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में उनके कल्याण के लिए और योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन व विभाग तक जरूर पहुंचाएं।
श्रमिकों ने दिखाई जागरूकता, विभाग ने दी जानकारी
इस अवसर पर श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और श्रम कानूनों से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में श्रमिकों ने अपने सवाल रखे और अधिकारियों ने उनके समाधान के उपाय बताए। आयोजन में श्रमिकों में विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने सेवा पखवाड़े जैसे अभियानों को समाजहित में महत्वपूर्ण बताया।




