सेक्टर 10 स्थित नागरिक अस्पताल में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह होंगे मुख्य अतिथि
उपमंडल स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम, स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित होंगे स्वास्थ्य जांच शिविर
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 सितंबर। हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान को बढ़ावा देने के लिए आज ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का मोबाइल ऐप लॉन्च की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला से इस एप का शुभारंभ करेंगे। गुरुग्राम में जिला स्तरीय कार्यक्रम सेक्टर 10 स्थित नागरिक अस्पताल में आयोजित होगा, जिसमें हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
डीसी अजय कुमार ने बताया कि योजना के शुभारंभ के साथ ही जिले के उपमंडल स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पटौदी उपमंडल में स्थानीय विधायक बिमला चौधरी, सोहना में विधायक तेजपाल तंवर, सेक्टर 31 पॉलीक्लिनिक में विधायक मुकेश शर्मा तथा मानेसर उपमंडल में पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। इसी अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र महिलाओं को मासिक 2100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
डीसी अजय कुमार ने बताया कि योजना के तहत लाभ लेने के लिए महिलाओं की उम्र कम से कम 23 वर्ष होनी चाहिए और वह पिछले 15 वर्ष से हरियाणा की निवासी हों। साथ ही परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक होनी चाहिए। स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं वाली महिलाएं जो पहले से किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रही हैं, वह भी इस योजना के लिए पात्र हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान ने बताया कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेजों में हरियाणा का स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, परिवार व ससुराल के सदस्यों के आधार कार्ड आदि शामिल हैं। पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क होगा।
डीसी ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे अपने दस्तावेज तैयार कर इस योजना का लाभ अवश्य लें और स्वास्थ्य शिविरों में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।




