गुरुग्राम में सेवा पखवाड़ा के तहत रोजगार सहायता शिविर का आयोजन
मुख्य अतिथि रमेश चंद्र बिधान ने युवाओं को कौशल विकास पर दिया मार्गदर्शन
स्व-रोजगार और स्टार्टअप अवसरों पर दी गई जानकारी
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 सितंबर। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत् मंडल रोजगार कार्यालय और द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय रेलवे रोड द्वारा एक रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आयुक्त मंडल गुरुग्राम रमेश चंद्र बिधान ने युवाओं को कौशल विकास एवं सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों की महत्ता से अवगत कराया।
इस रोजगार मेले में 17 कंपनियों ने भाग लिया, जिसमें 500 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया। इनमें से 167 अभ्यर्थियों का मौके पर चयन किया गया। मंडल रोजगार अधिकारी रितू हुड्डा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सेवा पखवाड़े के उद्देश्यों और शिविर की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एटीडीसी प्राचार्या डॉ. बबीता सांगवान ने वस्त्र एवं परिधान उद्योग में रोजगार और प्रशिक्षण के अवसरों की जानकारी दी। रुडसेट संस्थान के रणजीत किरण ने स्व-रोजगार के लिए प्रशिक्षण की उपयोगिता पर बल दिया। वहीं लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विभाग के प्रतिनिधि ने सरकारी ऋण योजनाओं के माध्यम से स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया समझाई। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पुष्पा अंतिल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल रोजगार कार्यालय से जिला रोजगार अधिकारी रणजीत सिंह रावत, सहायक रोजगार अधिकारी ज्योति, अधीक्षक अजय देव सहित पूरा स्टाफ तथा द्रोणाचार्य महाविद्यालय से प्लेसमेंट अधिकारी पिंकी एवं संपूर्ण संकाय सदस्य उपस्थित रहे।




