Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 25 सितंबर। प्रॉपर्टी डीलर मनोज की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की धारा हटा दी है। अब गैर इरादतन हत्या का मामला चलेगा। प्रॉपर्टी डीलर मनोज को जिस थार से टक्कर मारी गई वह एसीपी का बेटा हिमांशु ही चला रहा था। इस बीच, पुलिस ने कल इस मामले में गिरफ्तार एसीपी के बेटे समेत तीन आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
एक दैनिक समाचार पत्र में छपी रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर मनोज को थार से कुचलकर मार डालने के मामले में हत्या की धारा हटा दी है। जिसके बाद अब यह मामला गैर इरातदन हत्या का चलेगा। पुलिस ने इस मामले में बुधवार दोपहर के बाद एसीपी सराय राजेश कुमार लोहान के बेटे हिमांशु और उसके दोस्त निशांत व केशव चौधरी को यहां की एक अदालत में पेश किया गया। हिमांशु और निशांत एलएलबी हैं और केशव पीएचडी कर रहा है।
समाचार पत्र ने एसआईटी प्रमुख एसीपी सेंट्रल राजीव कुमार के हवाले से बताया कि निशांत हिमांशु की बगल की सीट पर बैठा था और केशव पीछे की सीट पर। वारदात के दौरान चौथे युवक की मौके पर होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
वहीं, पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेंट्रल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता व मौके पर मौजूद चश्मदीद गवाहों के आधार पर इस मामले में संलिप्त सभी 3 आरोपियों हिमांशु कमार, निशांत और केशव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। जिनको न्यायालय में पेश कर ज्युडिशियल जेल भेजा गया है। घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी को कब्जा में लिया जा चुका है।
आपको बता दें कि थाना सेंट्रल के अंतर्गत् 21/22 सितंबर की रात को कन्वेंशन हॉल सेक्टर 12 के पास मनोज कुमार निवासी नगला एनक्लेव को एक थार गाड़ी द्वारा टक्कर मारी गई थी, जिससे मनोज की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी, जिस घटना पर थाना सेंट्रल में मामला पंजीकृत किया गया था।




