
Bilkul Sateek News
नूंह, 12 अगस्त। नूंह जिले में आयोजित तिरंगा यात्रा के समापन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर तीखी नोकझोंक हो गई। हंगामे को बड़ा देख भाजपा जिलाध्यक्ष बैठक को ही छोड़ कर चले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फिरोजपुर झिरका विधानसभा में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसके समापन के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। यात्रा का आयोजन फिरोजपुर झिरका मंडल अध्यक्ष निशा सैनी द्वारा किया गया था। जिसका शुभारंभ जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री समेत सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।
कार्यक्रम शुरुआत में सफलतापूर्वक चला, लेकिन समापन के दौरान नगर पालिका कार्यालय में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू के सामने ही कार्यकर्ताओं में कहासुनी हो गई। सभी कार्यकर्ता एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप मढ़ते नजर आए।
कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गिराने की राजनीति करने के आरोप लगाए। इस बहस के चलते जिला अध्यक्ष बैठक से उठकर चले गए।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं को महत्व नहीं दिया जा रहा, जिससे संगठन में असंतोष बढ़ रहा है। वहीं नए-नए कार्यकर्ता जो हाल ही में अन्य पार्टियों से आए हैं, वह भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं को कोई मान सम्मान नहीं देते। जिसके चलते नीचा देखने पर विवश होना पड़ रहा है। वहीं, कुछ कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस तरह की घटनाएं पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं और विपक्षी दलों को बैठे-बैठे मुद्दा मिल सकता है। उनका मानना है कि यदि आपसी मतभेद दूर नहीं किए गए, तो आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।