Bilkul Sateek News
पलवल (अजय वर्मा), 25 नवंबर। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। उन्होंने कहा कि पलवल जिले में प्राकृतिक आपदा से फसलों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पलवल जिले के किसानों को 200 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई थी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में किसानों को मुआवजे के नाम पर दो दो रुपये के चेक दिए जाते थे। खेल मंत्री गौरव गौतम सोमवार को अनाज मंडी पलवल में मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन पंकज विरमानी और वाइस चेयरमैन मुकेश सिंगला के पदभार ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विपिन बैसला और जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ भी मौजूद थे।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किसानों के हित में अनेक फैसले लिए है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। अनाज मंडी में किसानों को कोई परेशानी ना हो, इसके लिए मार्केट कमेटी के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन द्वारा किसानों की भलाई के लिए कार्य किया जाएगा।
गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में किसान आंसू बहाता था। कांग्रेस द्वारा मुआवजे के नाम पर दो दो और पांच पांच रुपये के चेक देकर मजाक उड़ाया जाता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जो खुद किसान के बेटे है और किसान के दुख:दर्द को समझते है। भाजपा सरकार द्वारा बेहतरीन कार्य किसानों के लिए किया जा रहा है। यदि कुछ कमियां होगी तो उन्हें भी पूरा किया जाएगा।
गौरव गौतम ने कहा कि पलवल शुगर मिल का पिराई सत्र भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। इस संदर्भ में आला अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी दोनों बी टीमें है। दोनों पार्टियों का समय समय पर महागठबंधन होता है। उन्होंने कहा कि ये लोग स्वार्थ की राजनीति करने के लिए आए हुए है। झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाकर देश व प्रदेश में सत्ता हासिल करना चाहते है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को बरगलाने का कार्य कांग्रेस व आम आदमी पार्टी करती है।



