Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 14 मार्च। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (DLSA) गुरुग्राम की ओर से शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की चेयरपर्सन वाणी गोपाल शर्मा के दिशा-निर्देशों में आयोजित इस लोक अदालत के सफल संचालन के लिए कुल 21 पीठों का गठन किया गया। इसके अलावा सोहना और पटौदी उपमंडल में भी एक-एक बेंच स्थापित की गई।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव राकेश कादियान ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सोहना और पटौदी की बेंचों सहित कुल 86,716 मामलों को सुनवाई के लिए लिया गया, जिनमें से 77,337 मामलों का निपटारा आपसी समझौते से किया गया।

इन मामलों में कुल 25 करोड़ 16 लाख 59 हजार 153 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ।
लोक अदालत की प्रत्येक बेंच में एक-एक पैनल अधिवक्ता की नियुक्ति की गई थी, जिन्होंने समझौते की प्रक्रिया में न्यायालय और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सहायता की।
इसके साथ ही ट्रैफिक चालान के निपटारे और आमजन की सुविधा के लिए जिला न्यायालय परिसर में गेट नंबर-2 के पास ट्रैफिक हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई थी, जिससे लोगों को अपने चालान निकालने और उनका भुगतान करने में आसानी हुई।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मामलों का समाधान करवाकर इस व्यवस्था का लाभ उठाया।




