Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 14 मार्च 2026। गुरुग्राम पुलिस ने जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज और इंतकाल तैयार करने के आरोप में एक सरकारी कानूनगो समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन के कागजात में हेरफेर कर एक रियल एस्टेट कंपनी के साथ करोड़ों रुपये की ठगी में मदद की थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सतबीर राठी (58) निवासी गांव राठीवास, गुरुग्राम और विशन कुमार (46) निवासी गांव झुंडू सराय, गुरुग्राम को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को 14 मार्च को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

कंपनी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
जानकारी के अनुसार 11 जुलाई 2024 को यशदीप बिल्डर्स LLP के प्रतिनिधि ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी ने वर्ष 2018 में सोहना क्षेत्र में स्थित जमीन के विकास के लिए भूमि मालिकों के साथ सहयोग समझौता किया था और परियोजना के लिए करोड़ों रुपये निवेश किए थे। आरोप है कि बाद में जमीन मालिकों, कुछ अन्य व्यक्तियों और रियल एस्टेट कंपनियों ने आपस में मिलीभगत कर जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। इसके साथ ही एक फर्जी इकरारनामा बनाकर पहले हुए समझौते की शर्तों में बदलाव कर दिए गए। शिकायत में यह भी कहा गया कि जमीन के रास्ते को लेकर झूठा विवाद खड़ा किया गया और कई लोगों व कंपनियों के माध्यम से गलत दस्तावेज तैयार करवाए गए, जिससे कंपनी के प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचा और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी हुई।
आर्थिक अपराध शाखा ने की कार्रवाई
इस संबंध में शहर सोहना थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद आर्थिक अपराध शाखा-1, गुरुग्राम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से 13 मार्च 2026 को दोनों आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सतबीर राठी वर्ष 1997 में पटवारी के पद पर भर्ती हुए थे और वर्ष 2020 से 2023 तक सोहना तहसील में कानूनगो के पद पर कार्यरत थे। इसी दौरान उन्होंने अन्य आरोपियों के कहने पर पटवारी राजेंद्र और कॉन्ट्रैक्चुअल लैंड रिकॉर्ड डाटा एंट्री ऑपरेटर विशन कुमार के साथ मिलकर जमीन के फर्जी दस्तावेज और इंतकाल तैयार किए। बताया जा रहा है कि इसके बदले में दोनों आरोपियों को करीब 40 हजार रुपये मिले थे।
अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




