गुरुग्राम, 10 फरवरी 2026:
गुरुग्राम स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह ट्राइसेंटेनरी (एसजीटी) विश्वविद्यालय में मंगलवार को एक भव्य विशेष दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव तथा प्रख्यात समाजसेवी पद्मश्री बिमल कुमार जैन को उनके उल्लेखनीय और अनुकरणीय योगदान के लिए डॉक्टर ऑफ लेटर्स (मानद) उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परिषद, प्रबंधन मंडल, शासी निकाय एवं कुलाधिपति की अनुशंसा पर प्रदान किया गया।

समारोह में सबसे पहले स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को खेल, जनस्वास्थ्य और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनके बहुआयामी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज के रूप में उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक सहित कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया है। खेल जीवन के उपरांत उन्होंने पैरा खिलाड़ियों के उत्थान को अपना मिशन बनाया। उनके प्रयासों से हरियाणा में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक कोचिंग, मानसिक परामर्श और आर्थिक सहायता की प्रभावी व्यवस्था की गई, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के पैरा खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सैकड़ों पदक जीत रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री के रूप में आरती सिंह राव ने जनस्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाई है। सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, निःशुल्क उपचार, डायलिसिस जैसी जीवनरक्षक सेवाओं का विस्तार, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना तथा आयुष सेवाओं को बढ़ावा देने से आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। महिला सशक्तिकरण और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है।
इसके पश्चात पद्मश्री बिमल कुमार जैन को समाज सेवा और दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक समय तक किए गए समर्पित कार्यों के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई। भारत विकास विकलांग न्यास और दधीचि देहदान समिति के माध्यम से उन्होंने हजारों दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग, चिकित्सा उपचार और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराईं। अंगदान, देहदान और नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता फैलाने में उनका योगदान अत्यंत प्रेरणादायी रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इन दोनों विभूतियों की उपलब्धियां विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और समाज सेवा के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।
इस अवसर पर कुलाधिपति राम बहादुर राय, कुलपति डॉ. हेमंत वर्मा, कुलसचिव डॉ. सुबोध कुमार, दशमेश एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष मधुप्रीत कौर चावला, विश्वविद्यालय सलाहकार डॉ. मदन चतुर्वेदी, प्रो वाइस चांसलर डॉ. अतुल कुमार नासा सहित गवर्निंग बॉडी व ट्रस्ट के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।



