बालोला गांव में, लाखों रुपये की वसूली की तैयारी
गुरुग्राम, 10 फरवरी।
नगर निगम गुरुग्राम ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को निगम के जोन-4 की टैक्स शाखा ने गांव बालोला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन व्यावसायिक इकाइयों (Commercial Entity )को सील कर दिया। इन संपत्तियों पर लंबे समय से लाखों रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था, जिसे लेकर बार-बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बालोला गांव में जिन तीन प्रॉपर्टीज को सील किया गया है, उन पर क्रमशः 29 लाख 76 हजार 812 रुपये, 32 लाख 2 हजार 912 रुपये और 23 लाख 3 हजार 261 रुपये का टैक्स बकाया है। बकाया राशि लगातार बढ़ने और नोटिस की अनदेखी के चलते निगम को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम की आय का प्रमुख स्रोत है, जिससे शहर के विकास कार्य संचालित किए जाते हैं। इसी राजस्व से सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जाता है, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटों की देखरेख, पार्कों का रखरखाव और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। टैक्स न चुकाने से इन सेवाओं पर सीधा असर पड़ता है।

नगर निगम ने संपत्ति मालिकों को एक बार फिर चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने अभी तक अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द भुगतान कर दें। अन्यथा उनके खिलाफ सीलिंग, रिकवरी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि निगम की टीमों द्वारा सभी जोनों में डिफॉल्टर संपत्तियों की पहचान कर सूची तैयार की जा रही है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टैक्स वसूली को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और बकायादारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
नगर निगम की इस कार्रवाई से शहरभर के प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टर्स में हड़कंप मचा हुआ है।



