Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
हरि नगर इलाके में बीते दिनों जिस 19 वर्षीय युवती की हत्या की गई थी, उस मामले में पता लगा है कि उसकी परिवार के लोगों ने ही गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतारा था। आरोप है कि यह हत्या ऑनर किलिंग के चलते की गई थी, क्योंकि युवती अपने चचेरे भाई से प्रेम प्रसंग में थी और उससे शादी करना चाहती थी। परिजन इस शादी के खिलाफ थे। इसलिए परिजन हत्या के बाद चुपके से उसका शव दफनाने के लिए घर से निकल गए थे। लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही उन्हें पकड़ लिया और शव कब्जे में ले लिया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर 2 बजे हरि नगर थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक युवती की उसके परिजनों ने हत्या कर दी है और वे शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान ले जा रहे हैं। कॉलर ने यह भी बताया कि लड़की अपने चचेरे भाई के साथ प्रेम संबंध में थी। पूछताछ में पता चला कि कॉलर का चचेरा भाई युवती का दोस्त था। उसी ने संदेह जताते हुए इस घटना की जानकारी दी थी।
पुलिस टीम ने शव का कब्रिस्तान ले जाने वाले रास्ते से ही अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम करवाया। परिजन ने युवती की मौत का कारण नहीं बताया। पुलिस को पड़ोसियों से पूछताछ में भी मामला संदिग्ध लगा, क्योंकि युवती पूरी तरह स्वस्थ थी। पुलिस ने क्राइम टीम और एफएसएल टीम को बुलाया। दोनों टीमों ने मौके का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीपचंद बंदु (डीडीयू) अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता लगा कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

चचेरे भाई से प्रेम संबंध के खिलाफ थे परिजन
बता दें कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता लगा है कि युवती 12वीं कक्षा की छात्र थी और पिता सब्जी का ठेला लगाते हैं। मृतका के परिवार वाले उसके चचेरे भाई से प्रेम संबंध के खिलाफ थे। इसी वजह से परिवार ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी ।




