नई दिल्ली, 14 फरवरी। मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी अभी तक नए मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं कर पाई है। इसके चलते मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है। एन बीरेन सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। मणिपुर हिंसा को लेकर बीरेन सिंह से लंबे समय से इस्तीफे की मांग की जा रही थी। वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस ने अभी तक मुख्यमंत्री का नाम तय न कर पाने पर भाजपा पर निशाना साधा है।
भाजपा के पूर्वाेत्तर प्रभारी संबित पात्रा ने पार्टी विधायकों के साथ कई दौर की चर्चा की है, लेकिन सीएम के नाम को लेकर गतिरोध बरकरार है। संबित पिछले दो दिन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से भी दो बार मिल चुके हैं।
वहीं, कांग्रेस विधायक थोकचोम लोकेश्वर ने संबित के मणिपुर दौरे के उद्देश्य पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विधायकों से चर्चा कर संबित को नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
12वीं मणिपुर विधानसभा का पिछला सत्र 12 अगस्त 2024 को संपन्न हुआ था, जबकि 10 फरवरी से शुरू होने वाले सातवें सत्र को राज्यपाल निरस्त कर चुके हैं।