
हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के किसानों को दे मुआवजा
इनेलो विधायक आदित्य के दिल में बसी भाजपा, कभी भी छोड़ सकते है इनेलो
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़, 24 मार्च। किसानों के आंदोलन को लेकर जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने भाजपा के साथ मिलकर षड्यंत्र के तहत किसानों की आवाज दबाई है, जिसका खामियाजा लंबे समय तक आम आदमी पार्टी को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को बातचीत के बहाने चंडीगढ़ बुलाकर गिरफ्तार करना बेहद निंदनीय है। दिग्विजय ने कहा कि पंजाब सरकार ने धक्काशाही करके किसानों का धरना समाप्त करवाया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ निरंतर अपनी मांगों को लेकर किसान संघर्षरत थे, लेकिन पंजाब सरकार ने आंदोलन को दबाने का काम किया। उन्होंने कहा कि किसानों की वकालत का दावा करने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेशों से ही पुलिस की कार्रवाई हुई है और किसानों की आवाज को दबाया गया है। वहीं हरियाणा में किसानों को मिलने वाले मुआवजे को लेकर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ भेदभाव न करें और बिना पक्षपात के मुआवजा मिलना चाहिए इसलिए सरकार तुरंत बचे हुए गांवों के किसानों को भी मुआवजा देकर राहत पहुंचाए।
जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने डबवाली से इनेलो विधायक आदित्य पर बड़ा सवाल उठाया है। दिग्विजय ने दावा किया कि आदित्य जल्द भाजपा में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि आदित्य भाजपा और सीएम नायब सैनी की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा बजट सत्र में डबवाली के विधायक ने सरकार के समक्ष क्षेत्र हित में कोई बात नहीं उठाई। दिग्विजय ने पूछा कि आदित्य विपक्ष की तरफ से इनेलो विधायक है या फिर सत्ता पक्ष के विधायक हैं? उन्होंने कहा कि बार-बार यह महसूस हो रहा है कि आदित्य इनेलो में ज्यादा दिन नहीं रहेंगे, क्योंकि उनका मन सदा संघ और भाजपा से जुड़ा हुआ है। दिग्विजय ने कहा कि आदित्य इनेलो में तो सिर्फ विधायक बनने के लिए आए थे और पूर्व सीएम चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का सहारा लेकर वे विधायक बने थे। दिग्विजय चौटाला ने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं है तो आदित्य को जनता के बीच स्पष्ट करना चाहिए और वे कसम खाकर कहें कि कभी भाजपा में नहीं जाएंगे।