Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 5 सितंबर। फरीदाबाद की सीमा में यमुना में बढ़ रहे जलस्तर को लेकर लगातार प्रशासन भी अलर्ट पर है। गांव में खेतों के किनारे बसे लोगों का रेस्क्यू भी कराया जा रहा है। इस दौरान बाढ़ में फंसी एक नौ महीने की गर्भवती महिला को नाव के द्वारा बाहर निकाल कर स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। वहीं, गांव चांदपुर में सरपंच की मदद से करीब 35 लोगों को ट्रैक्टर के माध्यम से बाहर निकला गया और उन्हें गांव के ही स्कूल में शेल्टर होम में सुरक्षित पहुंचाया गया है, जहां उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज भी लगातार बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं।
शेल्टर होम में पहुंचे एसडीएम ने कहा कि कई गांव में लोग फंस चुके थे, जिन्हें प्रशासन ने रेस्क्यू करके बाहर निकाला है और कई गांव में शेल्टर होम भी बनाए गए हैं, जहां उनके खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं खेतों में बनी झुग्गियों में बसे परिवार की महिलाओं का कहना है कि रात के वक्त जब वह सो रहे थे तो अचानक पानी भर गया और उसके बाद चांदपुर के सरपंच सूरजपाल भूरा ने उनकी मदद की और सभी को पहले पानी में ट्यूब से बाहर निकाला और उसके बाद ट्रैक्टर से यहां लेकर आए हैं लेकिन इस बीच उनका सारा सामान पानी में बह गया है।




