Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़े हादसे की सूचना मिली, जब गांव कंकरोला स्थित एक खुले स्क्रैप यार्ड में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 6:50 बजे फायर स्टेशन मानेसर को आग लगने की कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हो गईं।

आग की गंभीरता को देखते हुए आईएमटी मानेसर से पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके अलावा सेक्टर-37, सेक्टर-29, होंडा मानेसर और मारुति मानेसर से भी एक-एक दमकल गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग स्क्रैप के खुले यार्ड में लगी, जहां बड़ी मात्रा में कबाड़ और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी। इसी कारण आग ने तेजी से फैलने की कोशिश की। दमकल विभाग की टीमों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके पर दमकल विभाग की कई टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि आग दोबारा भड़क न सके।
इस संबंध में फायर स्टेशन अधिकारी (FSO) मानेसर ललित कुमार ने बताया कि कॉल मिलते ही विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर भेज दी गई थीं और आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।




