Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 सितंबर। हरियाणा के हथिनी कुंड से बीते कल 3,29000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जो दिल्ली की ओर लगातार बढ़ रहा है। यह पानी दिल्ली से होते हुए हरियाणा के जिले फरीदाबाद और फिर उससे लगते गांव से होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगा। बता दें कि एक साथ इतना पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा के जिले फरीदाबाद के बसंतपुर इलाके में भी बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। इस बढ़ते खतरे के चलते किसी को जान माल का नुकसान ना हो इसी को लेकर आज फरीदाबाद के जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित लोगों को जल्द ही सुरक्षित स्थान पर चले जाने की अपील की।
बसंतपुर, किडावली, अलीपुर खादर, मंझावली इलाके में हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है। इस बढ़ते जलस्तर के चलते न केवल दिल्ली से सटे बसंतपुर बल्कि फरीदाबाद और पलवल के 14 गांवों को यमुना का बढ़ता जलस्तर प्रभावित करेगा।
गौरतलब है कि बीते कल पानी छोड़ जाने के बाद इन सभी इलाकों में पानी काफी बढ़ गया है। इसके चलते न केवल लोगों के मकान में पानी घुसा, बल्कि किसानों की फसलें भी इस पानी की चपेट में आ गई और पानी में समा गई है। इसी बढ़ते जलस्तर के चलते किसी को जान माल का नुकसान ना हो इसको लेकर पहले ही जिला प्रशासन लोगों को अपने मकान को छोड़कर अपने परिजनों और मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील कर चुका है और लगातार लोगों को इस बाढ़ के खतरे को लेकर चेतावनी भी दे रहा है। इसी बढ़ते जलस्तर के बाद आज खुद जिला उपायुक्त विक्रम सिंह दिल्ली से सटे बसंतपुर और यमुना किनारे सटे सभी उन जगहों समेत मंझावली इलाके में पहुंचे और उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
इस मौके पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हथिनीकुंड बैराज से 329000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है। रात तक यह जलस्तर और बढ़ सकता है। जिसके कारण यमुना के तलहटी इलाके में रहने वाले लोगों को जानमाल का नुकसान हो सकता है। इसी को लेकर उनकी लोगों से अपील है कि जिला प्रशासन की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए वह सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से भी कई जगह शेल्टर होम बनाए गए हैं, जहां पर लोगों को सुरक्षित रखा जाएगा और उनके खाने-पीने का इंतजाम के साथ-साथ दवाइयों का इंतजाम किया गया है और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं उन्होंने कहा कि यमुना के बांध के होने के बावजूद यमुना के इलाके में अवैध प्रॉपर्टी डीलरों ने अवैध रूप से कालोनियां काट दी और कच्चे लालच में गरीब लोगों ने वहां पर अपने मकान भी बना लिए, यह काफी चिंता का विषय है जिला प्रशासन ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई करेगा। वहीं, उन्होंने बताया कि 2023 में भी बसंतपुर इलाके में यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति बनी थी। जिसके चलते लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन पहले ही लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील कर रहा है। जो लोग जिला प्रशासन की अपील के बावजूद मकान को खाली करने के लिए तैयार नहीं है जिला प्रशासन और पुलिस साथ मिलकर उन्हें जबरन वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर भेजने का काम करेगा। वहीं, प्रशासन की चेतावनी पर लोगों ने अपने मकान खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाना शुरू कर दिया है। अलीपुर खादर इलाके में जिला उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों से बात की और उनकी समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन भी दिया।



