Criminal in handcuffs
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 अक्टूबर। गुरुग्राम की अपराध शाखा सेक्टर-31 पुलिस ने वांछित अपराधी सुनील सरधानिया को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। सुनील सरधानिया USA से डिपोर्ट कर लाया गया है। हरियाणा पुलिस सिंगर फाजिलपुरिया पर फायरिंग समेत कई मामलों में उसको तलाश रही थी।
गुरुग्राम में कुछ समय पहले हरियाणवीं सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग की गई थी। जिसकी जिम्मेदारी मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों की लिस्ट में शामिल गैंगस्टर सुनील सरधानिया ने ली थी।
गैंगस्टर के अमेरिका से डिपोर्ट कर दिल्ली एयरपोर्ट के दौरान वहां पहले से ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF तैनात थी। फ्लाइट के उतरने के बाद करीब 6 घंटे तक इमिग्रेशन और दस्तावेजों की जांच चली।
जांच पूरी होने पर गैंगस्टर को गुरुग्राम एसटीएफ ने अपनी हिरासत में ले लिया। दोपहर बाद गुरुग्राम कोर्ट में उसकी पेशी होगी, जहां तीन दर्ज मामलों में रिमांड लेकर पुलिस गहन पूछताछ करेगी।
सुनील सरधानिया हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग समेत कई संगीन मामलों का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। सुनील सरधानिया लंबे समय से फरार था। पुलिस के अनुसार वह स्विट्जरलैंड और अमेरिका के बीच घूमता रहता था, जहां से वह अपने गिरोह को संचालित कर रहा था।
जुलाई 2025 में गुरुग्राम के सेक्टर-71 में सिंगर फाजिलपुरिया पर गोलीबारी की घटना में सुनील का नाम प्रमुखता से सामने आया था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर उसने खुद जिम्मेदारी ली थी। वीडियो में सुनील ने दावा किया था कि फाजिलपुरिया ने उसके पार्टनर दीपक नांदल को 5 करोड़ रुपये का चूना लगाया था। दीपक ने फाजिलपुरिया को सेलिब्रिटी बनाने के लिए भारी निवेश किया था, लेकिन प्रसिद्धि मिलते ही सिंगर ने संपर्क तोड़ लिया।
सुनील ने चेतावनी दी थी कि अगर पैसे न लौटाए गए तो फाजिलपुरिया के परिवार और सहयोगियों को निशाना बनाया जाएगा। इसके बाद फाजिलपुरिया के घर से कुछ मीटर दूरी पर फाजिलपुरिया के जानकार प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या (अगस्त 2025) में भी मुख्य आरोपी है। शौकीन फाजिलपुरिया का करीबी था। सुनील ने इसकी भी जिम्मेदारी ली थी।
अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर भारतीय दूतावास ने उसे ट्रैक किया। आखिरकार अमेरिका में वीजा उल्लंघन के आरोप में डिपोर्ट प्रक्रिया शुरू हुई। गुरुग्राम एसटीएफ और साइबर सेल ने डार्क वेब और सोशल मीडिया के जरिए उसके लोकेशन का पता लगाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुनील का गिरोह हिमांशु भाऊ जैसे बड़े सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है।



