Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 जनवरी। गुरुग्राम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी को मतभेद बताया है। उन्होंने स्वीकार किया कि दक्षिण हरियाणा में नेताओं के बीच मतभेद थे, मनभेद नहीं था। अब इनके बीच मतभेद दूर हो गए हैं।
बड़ौली प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के सिलसिले में गुरुग्राम पहुंचे थे। यहां पत्रकारों से बातचीत में जब उनसे दक्षिण हरियाणा में भाजपा नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हरियाणा भाजपा में अब बयानबाजी का दौर समाप्त हो गया है। सभी के मतभेद दूर हो चुके हैं और पार्टी एकजुट होकर आगे बढ़ रही है।
बड़ौली ने कहा कि हमने सभी नेताओं से बातचीत की है। कृष्ण पाल गुर्जर समेत सभी प्रभावशाली नेताओं से चर्चा हो चुकी है। अब सभी संतुष्ट हैं और पूरी तरह भाजपा के साथ खड़े हैं। बयानबाजी की बात पुरानी हो गई है।
दरअसल दक्षिण हरियाणा के अहीरवाल में वर्चस्व को लेकर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बीच पिछले काफी समय से जुबानी जंग चल रही है। हाल के महीनों में इनके बीच सार्वजनिक मंचों पर व्यक्तिगत और नाम लेकर टिप्पणियां और बयानबाजी सामने आई थी, जिससे कार्यकर्ताओं में असमंजस और पार्टी विरोधियों को मौका मिल रहा था।
कुछ मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप-प्रत्यारोप तक की बातें हुईं, जिसने संगठन को असहज कर दिया था। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने इसे पार्टी की आंतरिक मजबूती से जोड़ते हुए कहा कि उच्च स्तर पर चर्चा के बाद सभी ने समझदारी दिखाई। हमने स्पष्ट कर दिया कि सार्वजनिक मंचों पर सरकार और संगठन की आलोचना उचित नहीं है। अब अनुशासन का पालन होगा। जुबानी हमले बंद हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस अब विकास, संगठन विस्तार और आगामी चुनौतियों पर है। दक्षिण हरियाणा अहीरवाल पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है, जहां यादव समुदाय का प्रभाव है। यहां की 11 में से 10 सीटें अभी भाजपा के पास हैं।



