
photo source social media
नई दिल्ली, 10 फरवरी। वर्तमान समय में भाग दौड़ की जिंदगी और डिजिटल के योग में भी पुस्तकों के प्रति लोगों का उत्साह आज देखने को मिला। यह नजारा दिल्ली में आखिरी दिन भारत मंडपम में चल रहे विश्व पुस्तक मेले का था। आज भारी संख्या में पुस्तक प्रेमी अपने पसंदीदा लेखक की पुस्तक खरीदने मेले पहुंचे। इतना ही नहीं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी पुस्तक खरीदते स्टालों पर दिखाई दिए। लोग बड़ी संख्या में हैरी पॉटर नोवल की खरीदारी करने पहुंचे।
हैरी पॉटर को पढ़कर युवाओं ने अपने बचपन की यादें ताजा कीं। 21वीं सदी की शुरुआत में जब उम्र 10-11 के करीब या उसे पार कर रही थी, तब शक्तिमान और शाका लाका बूम-बूम के बाद जो पहली चीज उत्साहित करती थी वह हैरी पॉटर की फिल्में ही थीं। अब ये उत्साह एक बार फिर वापस लौट आया है। लोग बड़ी संख्या में हैरी पॉटर नोवल की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक मांग हैरी पॉटर एंड द हाफ-ब्लड प्रिंस की रही। हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन, हैरी पॉटर एंड द चेम्बर ऑफ सीक्रेट्स, हैरी पॉटर एंड द प्रिजनर ऑफ ऐज्कबैन, हैरी पॉटर एंड द गॉब्लट ऑफ फायर, हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ द फिनिक्स और हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। पुस्तक प्रेमियों में बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक का पुस्तकों के प्रति उत्साह देखने लायक रहा। मेले के आखिरी दिन आकर्षक छूट के साथ लोगों ने जमकर खरीदारी की। बच्चों में गेम्स, अकादमिक से लेकर कहानियों की पुस्तकें आकर्षण का केंद्र रहीं।