बल्लभगढ़ की तिगांव रोड पर हादसा
निर्माण कार्य के चलते बंद थी सड़क
देररात शादी से लौट रहा था परिवार
अनियंत्रित बाइक पगडंडी से सीधे गंदे नाले में गिरी
तीन बच्चे व माता-पिता थे बाइक पर सवार
राजीव कॉलोनी में रहता है परिवार
8 वर्षीय साक्षी व 4 वर्षीय निखिल की मौत
पूरी रात होती रही निखिल की तलाश
आज सुबह गंदे नाले से मिली निखिल की लाश
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 7 मार्च। यह देररात का दृश्य एक चार साल के मासूम को बचाने के लिए की जा रही कवायद का है। पुलिसकर्मी और लोग मोबाइल की फ्लैश लाइट और टार्च की रोशनी में गंदे नाले में गिरे 4 साल के निखिल को ढूंढ रहे हैं। निखिल अपने परिवार के साथ शादी से लौट रहा था। राजीव कॉलोनी निवासी पूरा परिवार बाइक पर सवार था। पिता ने बल्लभगढ़ स्थित तिगांव रोड से कच्ची पगडंडी पर बाइक उतार दी, क्योंकि आगे निर्माण कार्य की वजह से रास्ता बंद था। उस समय रात के लगभग साढ़े नौ बज रहे थे। तभी बाइक अनियंत्रित हो गई और नाले में जा गिरी। पूरा परिवार नाले में जा गिरा। वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। लोगों ने निखिल के माता-पिता और बहनों 8 वर्षीय साक्षी व 6 वर्षीय मीनाक्षी को तो तुरंत बाहर निकाल लिया। परंतु साक्षी ने अस्पताल जाते हुए रास्ते में दमतोड़ दिया। वहीं, अंधेरे में निखिल का कहीं पता नहीं लग रहा था। पूरी रात निखिल की तलाश होती रही। आज सुबह उसकी लाश बरामद हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हरियाणा के जिले फरीदाबाद में दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां पर कल रात एक शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार पति-पत्नी के साथ उनके तीन बच्चे फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित तिगांव रोड से होकर गुजर रहे एक गंदे नाले में बाइक सहित गिर गए। घटना बीती रात लगभग साढ़े नौ बजे की है। पुलिस के अनुसार इस घटना में साक्षी की मौत हो गई जिसकी लाश को रात को बरामद कर लिया गया। तो वहीं निखिल की लाश आज सुबह बरामद हुई। इस हादसे में मीनाक्षी और दोनों पति-पत्नी बच गए जिन्हें आसपास के लोगों ने समय रहते गंदे नाले से बाहर निकाल लिया।
जांच अधिकारी भूपेंद्र ने बताया कि दाताराम पुत्र चरण सिंह जोकि राजीव कॉलोनी का रहने वाला है, कल रात को वह तिगांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर वापस राजीव कॉलोनी बाइक पर लौट रहा था। बाइक पर उसकी पत्नी रजनी, बेटी साक्षी व मीनाक्षी और बेटा निखिल सवार थे। जैसे ही वह बल्लभगढ़ बायपास रोड के नजदीक आया तिगांव पुल के पास सड़क निर्माण के चलते रास्ते को बंद किया हुआ था। एक पतली पगडंडी लोगों द्वारा खुद बनाई गई थी इससे दाताराम ने बाइक निकालने की कोशिश की और उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सभी नाले में गिर गए। नाले में गिरते देख आसपास के लोग दौड़ पड़े और जैसे-तैसे दाताराम, उसकी पत्नी रजनी और 6 साल की बेटी मीनाक्षी को नाले से बाहर निकाल लिया, लेकिन साक्षी को जबतक नाले से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, निखिल की लाश आज सुबह तलाश करने पर बरामद हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया है।



