Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 22 अक्टूबर। गुरुग्राम में कल रात 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक कानपुर का रहने वाला था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का आज पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय अजीत अपनी चचेरी बहन गीता के साथ मानेसर में किराए के मकान में रहता था। रात के समय अजीत लोहे की चारपाई लेकर छत से नीचे उतर रहा था। इस दौरान उसकी चारपाई गलती से 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन से टकरा गई। जिससे उसे जोरदार करंट लगा और चारपाई में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि अजीत के शरीर में भी आग लग गई और करंट और आग के कारण उसकी मौके पर मौत हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को सूचित किया, जिसके बाद बिजली की आपूर्ति बंद की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
अजीत मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला था और अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह अविवाहित था और अपनी चचेरी बहन गीता के साथ किराए के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था।
परिजनों का कहना है कि अजीत की शादी के लिए लड़की की तलाश की जा रही थी। उन्हें नहीं पता था कि बेटे की इस तरह मौत हो जाएगी। गीता ने पुलिस को बताया कि उनका पंखा खराब हो गया था। गर्मी के कारण वे छत पर सोने के लिए चले गए थे। लेकिन, वहां पर काफी मच्छर काट रहे थे। आधी रात को ठंड होने लगी तो अजीत ने कहा कि नीचे चलते हैं, यहां नींद नहीं आ रही है। जिसके बाद वह बिस्तर लेकर नीचे आ गई और अजीत फोल्डिंग चारपाई लेकर नीचे आने लगा। उसने कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया ही था कि अचानक से एक धमाका हुआ।
वह घबराकर बाहर निकली तो चारपाई और अजीत के कपड़ों में आग लगी हुई थी। उसने शोर मचाया तो आसपास पड़ोस के लोग एकत्र हो गए और लकड़ी के सहारे चारपाई को तारों से छुड़वाया। उसकी आंखों के सामने ही भाई की मौत हो गई और वह कुछ नहीं कर सकी।
जांच अधिकारी रनवीर सिंह ने बताया कि अजीत के परिवार वाले देर रात को थाने में पहुंचे। उन्होंने यह भी बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम बुधवार को करवाया जाएगा। इस मामले में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग से भी इस हादसे के कारणों की जानकारी मांगी गई है।




