Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 दिसंबर। गुरुग्राम में देररात ब्रेकर पर बाइक उछलने से एक साफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई। इंजीनियर बुलेट से घर लौट रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा एमजी रोड अंडरपास से पहले ब्रेकर पर हुआ। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाले 33 वर्षीय सुमन मंडल गुरुग्राम में इंश्योरेंस कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आधी रात के वक्त इंजीनियर हुडा सिटी मेट्रो स्टेशन की तरफ से सुखराली स्थित अपने कमरे पर लौट रहा था। उसने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन जैसे ही वह ब्रेकर पर उछलकर गिरा तो हेलमेट भी निकल गया। जिससे उसके सिर पर चोट आई।
सुमन अविवाहित था और पिछले सात महीने से सुखराली गांव में किराए पर रह रहा था। हादसा देर रात हुआ जब सुमन अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट पर अपने किराए के कमरे की ओर लौट रहा थे। उसने करीब दो महीने पहले ही केयर हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ज्वाइन किया था।
सुखराली गांव में सात महीने से रह रहे सुमन का परिवार बिलासपुर में है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य गुरुग्राम पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो दिन पहले भी इसी तरह एक और इंजीनियर की मौत हुई थी सेक्टर 93 चौकी क्षेत्र में ढोरका गांव के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार बुलेट बाइक ब्रेकर पर उछलकर बेकाबू होकर गिर गई। हादसे में बुलेट चला रहे एक युवक की मौत हो गई थी। युवक गुरुग्राम की कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर था। मृतक की पहचान मूल रूप से पंचकूला के रहने वाले 23 वर्षीय दमन कुमार के रूप में की गई।
वह एक साल से गुरुग्राम के सेक्टर 92 स्थित रहेजा नवोदय सोसाइटी में रह रहा था और सेक्टर 62 स्थित उसेन इंडिया कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर का काम कर रहा था। शुक्रवार रात निजी काम से दमन बुलेट से कहीं गया था। रात करीब 11 बजे जब घर वापस जा रहा था तो ढोरका गांव के पास ब्रेकर पर उसकी बुलेट उछल गई और बेकाबू होकर गिर गई।



