Bilkul Sateek News
फर्रुखनगर, 14 दिसंबर। गुरुग्राम जिले की फर्रुखनगर की अनाज मंडी में आज मार्केट कमेटी के चेयरमैन दौलतराम सैदपुर और वाइस चेयरमैन कृष्ण सिंह चौहान ने अपना कार्यभार संभाला। पदग्रहण समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, किसान और मंडी आढ़ती बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी उर्फ पिंटू थे। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह के निजी सचिव सतपाल यादव ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। खैंटावास स्थित झोपड़ी वाले महंत तारा गिरी महाराज ने भी पहुंचकर दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को आशीर्वाद दिया।
मुख्य अतिथि सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होते हैं। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर नेतृत्व की जिम्मेदारी तक पहुंचते हैं।
त्यागी ने नवनियुक्त चेयरमैन और वाइस चेयरमैन से किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने तथा मंडी की व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने की अपेक्षा की।
चेयरमैन दौलतराम सैदपुर ने कहा कि मार्केट कमेटी किसानों और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम करेगी। उन्होंने मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शेड, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने का आश्वासन दिया। सैदपुर ने पार्टी नेतृत्व और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए मंडी के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।
वहीं, वाइस चेयरमैन कृष्ण सिंह चौहान ने अपनी प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मंडी में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समिति के माध्यम से त्वरित समाधान की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री मनीष सैदपुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में खंड फर्रुखनगर सरपंच एसोसिएशन की अध्यक्ष बिल्लो रानी, नगरपालिका चेयरमैन बीरबल सैनी, वाइस चेयरमैन प्रदीप यादव, पूर्व चेयरमैन बीरेंद्र यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल सैनी, महामंत्री शिवचरण सीमार, पार्षद रामबीर यादव, पूर्व मार्केट कमेटी सचिव मोहन जोवल, सतीश यादव,कृष्ण पंडित पातली और गुलशन कुमार भी मौजूद थे।



