Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 दिसंबर। गुरुग्राम में शनिवार को दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे 48 पर एंबियंस मॉल के सामने तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने अचानक एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक कई पलटियां खाता हुआ काफी दूर जा गिरा, जबकि बाइक भी सड़क पर घसीटती चली गई।
यह पूरा हादसा पीछे चल रहे एक अन्य बाइक राइडर के हेलमेट में लगे फ्रंट कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में साफ दिखता है कि कार अचानक लेन बदलती है और सामने चल रही बाइक से टकरा जाती है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।



