
Bilkul Sateek News
फिरोजपुर झिरका, 26 अप्रैल। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह 10 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। जिसने भी इस हादसे के मंजर को देखा उसका कलेजा मुंह में आ गया। एक्सप्रेस-वे पर कई लाशें टुकड़ों में बिखरी पड़ी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इब्राहिमबास गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह 10 से ज्यादा सफाईकर्मी वहां सफाई कर रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनको बुरी तरह से कुचल दिया। सबकुछ इतना अचानक हुआ कि उन्हें बचने का भी मौका नहीं मिला। हादसे में 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, एक सुपरवाइजर अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, 5 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से एक हालत अभी गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भयानक था कि कई लाशों के टुकड़े हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस बचाव कार्य में जुट गई। शवों को अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में रखवाया गया है। वहीं, घायलों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद चालक वहीं पर पिकअप को छोड़कर फरार हो गया। इस हादसे का समाचार सुनते ही क्षेत्र के शोक व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर उगने वाले पौधों और घास को काटने के लिए सुपरवाइजर आसमोहम्मद पुत्र आमीन निवासी झिमरावट एक पिकअप में खेड़लीकलां एवं अन्य गावों से महिलाओं को लेकर आज सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 76.6 पर स्थित भाकड़ोजी गांव के पास ले गया।
पिकअप से उन्होंने सभी महिलाओं को काम करने के लिए उतार दिया। उसी दौरान एक पिकअप तेज रफ्तार से दिल्ली से अलवर की ओर जा रही थी। पिकअप ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर खड़ी महिलाओं और सुपरवाइजर आसमोहम्मद को सीधी टक्कर मार दी और उनको कुचलता चला गया। हादसे के तुरंत बाद चालक पिकअप को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
इस हादसे में खेड़ली खुर्द गांव थाना पिनगवां की छह महिलाओं रेशम पत्नी गुलाब सिंह उम्र 52 वर्ष, पिस्ता पत्नी महेंद्र उम्र 42 वर्ष, जयदेवी पत्नी कप्तान उम्र 58 वर्ष, रचना पत्नी रमेश उम्र 38 वर्ष, प्रेमबती पत्नी रामसिंह उम्र 65 वर्ष, सतनबती पत्नी राजू उम्र 30 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जबकि आस मोहम्मद उम्र 50 वर्ष, अनिता पत्नी अनिल निवासी रीगड़ थाना फिरोजपुर झिरका, हेमलता पत्नी कैलाश, लज्जावति पत्नी चेतराम, जगवती पत्नी सोहनलाल निवासियान खेड़लीकलां थाना पिनगवां गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मदद के लिए वहां पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक अजायब सिंह और थाना प्रभारी अमन सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की सहायता से शवों और घायलों को जिला अस्पताल मांड़ीखेड़ा एवं सिविल अस्पताल फिरोजपुर झिरका भिजवाया।
आस मोहम्मद और अनीता की गंभीर हालत देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर नल्हड़ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान नल्हड़ मेडिक़ल कालेज में आस मोहम्मद की मौत हो गई। डाक्टरों ने घायल अनीता को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जबकि तीन और घायल महिलाओं का डाक्टरों द्वारा उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने सभी शवों का जिला अस्पातल मांड़ीखेड़ा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने पिकअप को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लाशों को देखकर दहल गए लोगों के दिल
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह हुए हादसे में मरने वालों की लाशें देखकर अच्छे-अच्छों के दिल दहल गए। इतना वीभत्स हादसा था कि शरीर के अंग-भंग होकर दूर जाकर गिए गए थे। एक बार तो इनको देखने वाले यह अंदाजा नहीं लगा सके दुघर्टना में मरने वाले कितने लोग हैं।